हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक नायब तहसीलदार की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके पति का 'जबरन' इस्लाम में धर्मांतरण कराकर एक मुस्लिम महिला से विवाह कराया गया है। इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। कानपुर नगर के हनुमंत विहार निवासी आरती गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसके पति आशीष कुमार गुप्ता मौदहा तहसील में नायब तहसीलदार हैं और वह पिछले चार महीनों से घर नहीं लौटे हैं। पुलिस के अनुसार, आशीष कुमार गुप्ता का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति का 'जबरन' इस्लाम में धर्मांतरण किया गया है और रुखसार नाम की एक मुस्लिम महिला से विवाह कराया गया है। पुलिस ने बताया कि नायब तहसीलदार के अलावा पांच अन्य व्यक्तियों और लगभग छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मौदहा में एक स्थानीय मस्जिद के मौलवी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरती गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसके पति का रुखसार नामक महिला से संबंध है।
आरती का आरोप है कि रुखसार के पिता, मौसा मुन्ना और मौदहा की मस्जिद के मौलवी बाबू आढ़ती तथा अन्य चार-पांच लोगों ने 24 दिसंबर को आशीष का जबरन धर्म परिवर्तन करवाया और आशीष ने रुखसार से अनैतिक रूप से निकाह किया।
पुलिस ने भारतीय दंड विधान और उत्तर प्रदेश विधि खिलाफ धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आशीष मौदहा कस्बे की एक मस्जिद में नमाज पढ़ने भी जाते थे। मस्जिद के मुअज्जिन मुहम्मद मुश्ताक ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद आया था और उसने अपना नाम मुहम्मद यूसुफ बताया। तहसीलदार बलराम गुप्ता ने कहा कि आशीष गुप्ता के मस्जिद में नमाज़ पढ़ने के दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच के तहत मौदहा के स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।
You may also like
12वीं की टॉपर अनुष्का राणा ने कहा, 'कड़ी मेहनत से सब कुछ संभव'
सीएमजी का मलेशियाई प्रधानमंत्री से विशेष साक्षात्कार
ओडिशा : नवीन पटनायक 9वीं बार चुने गए बीजेडी के अध्यक्ष, पार्टी नेताओं ने दी बधाई
डीसी के खिलाफ चार विकेट चटकाने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा,'आज मैंने अपनी यॉर्कर पर भरोसा किया और यह बढ़िया रहा'
मकोका मामले में नरेश बाल्यान को राहत नहीं, कोर्ट ने 23 अप्रैल तक बढ़ाई न्यायिक हिरासत